नई शिक्षा नीति और आदिवासी भाषाएँ
Author: * अंकिता राज **डॉ. मनोहर कुमार दास
DOI: https://doi.org/10.70798/TGJCT/01020021
नई शिक्षा नीति भारत के शिक्षा क्षेत्र में एक क्रांतिकारी उद्देश्य है। इस नीति का लक्ष्य शिक्षा प्रणाली को समावेशी समान और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। इसके साथ ही, इस नीति में भारत की सांस्कृतिक और भाषाई विविधता के महत्व को भी दिया गया है। आदिवासी भाषाएँ भारत की सांस्कृतिक इतिहास एवं धरोहर का अभिन्न हिस्सा हैं, लेकिन यह भी क्षयग्रस्त हो रही हैं। यह शोधपत्र नई शिक्षा नीति और आदिवासी भाषाएँ संबंध को अध्ययन कर विवेचन करने का प्रयास करती है। आदिवासी भाषाएँ केवल संचार का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि यह आदिवासी समुदाय की पहचान इतिहास ज्ञान और परंपराएँ संजोए हुए हैं। यह भाषाएँ पर्यावरण और स्वाभाविक संस्कृति के साथ जीवन यापन करने की कला सिखाती हैं। यहाँ इस शोधपत्र के माध्यम से बताया जाएने की कोशिश की गयी है, कि नई शिक्षा नीति के अनुसार आदिवासी भाषाएँ कैसे पढ़ाई जा सकती। नई शिक्षा नीति में आदिवासी भाषाओं को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। इस नीति के तहत प्राथमिक शिक्षा में मातृभाषा या स्थानीय भाषा में शिक्षा पर जोर दिया गया है। आदिवासी बच्चों के लिए उनकी मातृभाषा में शिक्षा प्रदान करने से उनका संज्ञानात्मक विकास बेहतर होगा और वे अधिक आत्मविश्वास के साथ सीख सकेंगे। इसके अलावा, नई नीति में बहुभाषिकता को प्रोत्साहित किया गया है, जिससे आदिवासी भाषाओं को बचाने में मदद मिलेगी। नई शिक्षा नीति के तहत आदिवासी भाषाओं में पाठ्यक्रम और शिक्षण सामग्री का विकास किया जाएगा। इससे इन भाषाओं को शिक्षा का माध्यम बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, शिक्षकों को आदिवासी भाषाओं में प्रशिक्षित करने की योजना भी बनाई गई है। हालांकि, आदिवासी भाषाओं को शिक्षा में शामिल करने के लिए कई चुनौतियाँ हैं, जैसे शिक्षण सामग्री और शिक्षकों की कमी, आदिवासी समुदाय की आर्थिक और सामाजिक पिछड़ापन, और सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन न हो पाना। इन चुनौतियों को दूर करने के लिए सरकार, शिक्षकों, समुदाय और नागरिक समाज के सहयोग की आवश्यकता है। निष्कर्ष के रूप में, नई शिक्षा नीति आदिवासी भाषाओं के संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। यह नीति भाषाई विविधता को बचाने और आदिवासी समुदाय को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने का प्रयास करती है। आदिवासी भाषाओं को बचाने से न केवल उनकी संस्कृति और परंपराएँ सुरक्षित रहेंगी, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विविधता भी बनी रहेगी। कुंजी शब्द: नई शिक्षा नीति, आदिवासी भाषाएँ, मातृभाषा आधारित शिक्षा, भाषा संरक्षण, समावेशी शिक्षा

